रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा के पहले चरण में हेली कंपनियां सेवा देने के बाद वापस लौटने लगी हैं। अभी तक पांच हेलीकॉप्टर कंपनियां वापस लौट गई हैं जबकि चार हेली कंपनियां कुछ दिनों और सेवाएं देंगी। बताया जा रहा है कि 10 जुलाई के बाद सभी हेली कंपनियां बरसाती मौसम के चलते अपनी सेवाएं बंद कर वापस लौट जाएंगी। आने वाले जुलाई अगस्त महीने में तीर्थयात्रियों को केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवाओं से वंचित रहना पड़ सकता है। बरसात के मौसम के चलते हेली कंपनियां वापस लौटने लगी हैं। हर साल जुलाई एवं अगस्त महीने में हेली कंपनियां केदारनाथ के लिए अपनी सेवाएं बंद करती आई हैं और फिर सितम्बर महीने में दोबारा से हेली सेवा की शुरूआत करती हैं, जो कपाट बंद तक जारी रहती है। इस बार भी बरसाती मौसम के साथ ही यात्रा में आई कमी के कारण हेली कपंनियां वापस लौटने लगी है।

हेली के नोडल अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि पांच हेलीकाप्टर कंपनियां वापस लौट गई हैं, जिनमें थम्बी, पिनैकल, ऐरा-1, पवनहंस, क्रिस्टल एवियएशन शामिल हैं। जबकि हिमालयन हेली 10 जुलाई, आर्यन 30 जून, चिप्सन 25 जून और ऐरो-2 कुछ दिन और सेवा देगी। जुलाई 10 तक सभी हेली कंपनियां वापस लौट जाएंगी। इधर, हेली कंपनियों के वापस लौटने से स्थानीय और बाहरी प्रदेशों से आने वाले तीर्थयात्रियों को दिक्कतें होने लगी हैं। जो हेली सेवा पर ही निर्भर हैं उन्हें कुछ समय के लिए परेशानी होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here