खेल

लक्ष्य तय करने से मिलेगी सफलता: रयाल

एसबीपीएस में सीबीएसई नार्थ जोन बाक्सिंग प्रतियोगिता शुरू
देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) नॉर्थ जोन (वन) की बॉक्सिंग चैंपियनशिप का रंगारंग आगाज हुआ। पांच दिवसीय प्रतियोगिता में 213 स्कूलों के करीब 928 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
शनिवार को हरिद्वार बाईपास स्थित एसबीपीएस परिसर में प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि अपर सचिव मुख्यमंत्री ललित मोहन रयाल ने किया। श्री रयाल ने कहा कि जीवन में लक्ष्य तय करने से ही सफलता मिलती है। खेल हमें अनुशासन के साथ ही टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा भी सिखाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को श्रेष्ठ प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता तीन वर्गों में आयोजित की जा रही है। खिलाड़ियों के रहने-खाने और सुरक्षा के समुचित इंतजाम किये गये हैं। शिष्ट अतिथि और 1962 एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता व अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित रिटायर्ड कैप्टन पदम बहादुर मल्ल ने भी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर एसबीपीएस के छात्रों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।
इससे पूर्व उत्तराखंड और दूसरे प्रदेशों से आई टीमों ने मार्च पास्ट किया। स्कूल के बाक्सिंग खिलाड़ी अनाहिता के नेतृत्व में प्रतियोगिता की मशाल जलाई गयी। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने खेल भावना और नैतिकता के साथ प्रतिस्पर्धा करने की शपथ ली। चैंपियनशिप के पहले दिन अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग की बॉक्सिंग बाउट्स के साथ कुल 44 बाउट्स आयोजित की गईं।
 इस मौके सीबीएसई पर्यवेक्षक पुनीत सिंह, स्कूल प्रिंसिपल पंकज नौटियाल समेत अनेक प्रमुख लोग मौजूद थे।
—————————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *