क्राइम

होटल संचालक पर करोड़ों की धोखाधड़ी और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज

कानपुर – शहर के रावतपुर थाने में एक महिला द्वारा होटल संचालक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामला धोखाधड़ी, मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने से जुड़ा है। आरोप है कि करोड़ों रुपये की लेन-देन के विवाद और बार-बार अपमान झेलने के चलते महिला के पति की हृदयाघात से मौत हो गई।

मसवानपुर निवासी प्रतिमा पांडेय द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, होटल व्यवसायी गजेंद्र सिंह नेगी ने वर्ष 2016 से 2022 के बीच उनके पति विष्णु कुमार पांडेय से 1.80 करोड़ रुपये की राशि ली थी। यह रकम नेगी टावर में दो फ्लैट और दो दुकानों के नाम पर निवेश के रूप में दी गई थी। आरोप है कि भवन निर्माण के बाद जब रजिस्ट्री (बैनामा) कराने की बारी आई, तो गजेंद्र ने इससे साफ इनकार कर दिया और कहा कि “रुपये वापस ले लो।”

प्रतिमा के मुताबिक, आरोपित ने पहले कुछ चेक दिए, लेकिन बैंकों के आपसी विलय की वजह से वे सभी चेक अमान्य हो गए। इसके बाद नए चेक देने और रकम लौटाने के नाम पर पति को तीन साल तक चक्कर कटवाए गए।

अपमान और मानसिक तनाव में गई जान: पत्नी का आरोप

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 14 फरवरी 2024 को जब विष्णु कुमार पांडेय अपनी रकम की मांग लेकर गजेंद्र सिंह से मिलने पहुंचे, तो नेगी बैंक्वेट हॉल में उन्हें कथित तौर पर अपमानित किया गया। आरोप है कि वहां गाली-गलौज और मारपीट की गई, और होटल संचालक ने ताना मारते हुए कहा, “अब रुपये अगले जन्म में लेना, इस जन्म में तो भूल जाओ।”

इसके तीन दिन बाद, 17 फरवरी की रात, विष्णु पांडेय के पास एक कॉल आया जिसमें कथित तौर पर उनसे 20 लाख रुपये और मांगे गए। कॉल करने वाले ने कहा कि तभी पूरी राशि वापस मिलेगी। इस घटना से आहत होकर विष्णु गहरे अवसाद में चले गए और 18 फरवरी 2024 को उनकी हृदयाघात से मृत्यु हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *