क्राइम

जमीन हड़पने और फर्जी दस्तावेज मामले में AAP नेता अमन गोयल गिरफ्तार

फरीदाबाद- फरीदाबाद में सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने आम आदमी पार्टी के व्यापार मंडल अध्यक्ष अमन गोयल को जमीन कब्जाने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी में है।

पुलिस के मुताबिक मामला सेक्टर-35 स्थित प्लॉट नंबर 71 से जुड़ा है, जिस पर स्वामित्व को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शिकायतकर्ता माला शर्मा के पक्ष में सेशन कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक फैसले आने के बावजूद आरोपी पर कब्जा करने की साजिश रचने के आरोप लगे हैं।

जांच में सामने आया है कि कथित तौर पर आरोपी ने अपने एक सहयोगी के साथ मिलकर फर्जी एग्रीमेंट तैयार कराया और दस्तावेजों में पिछली तारीख दिखाकर जमीन पर दावा मजबूत करने की कोशिश की। पुलिस इस पूरे मामले को धोखाधड़ी और साजिश के एंगल से जांच रही है।

थाना पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान फर्जी दस्तावेज तैयार करने में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी। मामले ने राजनीतिक और कारोबारी हलकों में भी हलचल पैदा कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *