उत्तराखंड

धामी सरकार की पहल से संवर रहा जरूरतमंद बच्चों का आशियाना, 100 बच्चों को मिलेगा शिक्षा और संरक्षण का सहारा

देहरादून। जरूरतमंद बच्चों को सुरक्षित आवास, शिक्षा और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तराखंड सरकार की पहल अब धरातल पर दिखाई देने लगी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत तैयार किए जा रहे नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास में बच्चों की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से छात्रावास में ऊर्जा और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई कार्य किए जा रहे हैं।

10 केवीए सोलर प्लांट स्थापित

छात्रावास की छत पर 10 केवीए क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित कर दिया गया है। इससे परिसर में बिजली की सुविधा को मजबूती मिलेगी और सौर ऊर्जा के उपयोग के माध्यम से ऊर्जा की बचत को भी बढ़ावा मिलेगा। यह कदम छात्रावास को ऊर्जा के क्षेत्र में अधिक आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कमरों में लगाए जाएंगे कूलर

गर्मी के मौसम को देखते हुए बच्चों की सुविधा के लिए करीब 10 कूलर उपलब्ध कराए गए हैं। इन्हें जल्द ही छात्रावास के कमरों में स्थापित किया जाएगा। इससे बच्चों को रहने के लिए अधिक सुविधाजनक और आरामदायक वातावरण मिल सकेगा।

सामूहिक गतिविधियों के लिए बनेगा हॉल

छात्रावास में बच्चों की सामूहिक गतिविधियों, शैक्षणिक कार्यक्रमों और अन्य आयोजनों के लिए एक नए हॉल का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हॉल बनने के बाद बच्चों को पढ़ाई और अन्य सामूहिक गतिविधियों के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होगा।

करीब 100 बच्चों को मिलेगा आवास और शिक्षा का सहारा

नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास की क्षमता करीब 100 बच्चों की होगी। यहां बच्चों के रहने और भोजन की व्यवस्था की गई है। 6 से 18 वर्ष तक के जरूरतमंद बच्चों को हॉस्टल सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।

इसमें अनाथ बच्चे, जिनके एक या दोनों माता-पिता नहीं हैं, बेहद कम वार्षिक आय वाले परिवारों के बच्चे, अल्पसंख्यक वर्ग के बच्चे, दिव्यांग बच्चे, कूड़ा बीनने वाले, भिक्षावृत्ति में लगे तथा शहरी वंचित वर्ग के बच्चों को शामिल किया जाएगा। विशेष देखभाल की आवश्यकता वाले बच्चों को भी सुरक्षित आवास और संरक्षण उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखकर हो रहा विकास

यह पहल केवल बच्चों को आवास उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य उन्हें सुरक्षित वातावरण के साथ शिक्षा से जोड़ना और भविष्य में आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराना है। सोलर प्लांट, कूलर और प्रस्तावित हॉल जैसी सुविधाओं से छात्रावास में रहने वाले बच्चों को बेहतर माहौल मिलने की उम्मीद है।

बंशीधर तिवारी ने कहा

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप प्राधिकरण विकास कार्यों के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ी परियोजनाओं को भी प्राथमिकता दे रहा है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास में बच्चों की सुविधा के लिए 10 केवीए सोलर प्लांट स्थापित किया गया है और कमरों के लिए कूलर उपलब्ध कराए गए हैं। करीब 100 बच्चों की क्षमता वाला यह छात्रावास जरूरतमंद बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रयास है कि बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिलें और वे शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनें।

मोहन सिंह बर्निया ने कहा

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि छात्रावास में बच्चों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। सोलर प्लांट की स्थापना के साथ कमरों में कूलर लगाए जा रहे हैं, जबकि हॉल निर्माण की टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रयास है कि यहां रहने वाले बच्चों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सकारात्मक वातावरण मिले, ताकि वे बिना किसी बाधा के पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें और भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *