क्राइम

कैलिफोर्निया में दो सहेलियों की हत्या के आरोप में भारतीय मूल की महिला गिरफ्तार

ह्यूस्टन। अमेरिका के कैलिफोर्निया में दो सहेलियों की हत्या के आरोप में भारतीय मूल की महिला को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि 32 वर्षीय अनिला बेबी ने एक महिला की चाकू मारकर और दूसरी को कार से कुचलकर हत्या की।

पुलिस के अनुसार, अनिला बेबी ने अपनी दो सहेलियों ऐन मैरी मैथ्यू और अंजना हरि पर करीब 90 मिनट के अंतराल में अलग-अलग हमले किए। दोनों महिलाएं केरल की रहने वाली थीं। ये हत्याएं 28 अगस्त को कैलिफोर्निया के सैन जोस और मिलपिटास शहरों में हुईं, जो एक-दूसरे से 20 किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित हैं।

जांचकर्ताओं ने दोनों हत्याओं की जांच के दौरान इन घटनाओं का संबंध अनिला बेबी से पाया। उसे उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया था और शुरुआत में उस पर मिलपिटास में हुई हत्या का आरोप लगाया गया।

इसके बाद आठ सितंबर को अभियोजकों ने ऐन मैरी मैथ्यू की हत्या के मामले में भी उस पर आरोप लगाया। पुलिस अभी घटना के उद्देश्य और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

अनिला बेबी को गुरुवार को सांता क्लारा काउंटी अदालत में पेश किया गया। उसे 17 नवंबर को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा, जहां उसे अपना पक्ष रखने का मौका मिलेगा। दोषी पाए जाने पर उसे 50 साल से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *