क्राइम

कैंची धाम जा रहे यूपी के पर्यटकों को युवक ने लगाया चूना, मोबाइल-नगदी और चांदी की चेन लेकर फरार

नैनीताल। कैंची धाम दर्शन के लिए उत्तर प्रदेश से नैनीताल पहुंचे चार पर्यटकों के साथ ठगी और चोरी का मामला सामने आया है। ट्रेन में सफर के दौरान उनसे दोस्ती करने वाला एक युवक उनके साथ नैनीताल पहुंचा और रात में मौका पाकर मोबाइल, नकदी और चांदी की चेन लेकर फरार हो गया। युवक ने जाते समय कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।

शामली के हसनपुरी निवासी शिवम कुमार अपने दोस्तों मुकुल सैनी, चंकी कुमार और चेतन कुमार के साथ ट्रेन से कैंची धाम जा रहे थे। मुरादाबाद के पास ट्रेन में एक युवक सवार हुआ। बातचीत के दौरान उसने अपना नाम दीपक बताया और कैंची धाम दर्शन के लिए जाने की बात कही। सफर के दौरान चारों पर्यटकों की उससे दोस्ती हो गई।

काठगोदाम पहुंचने के बाद पांचों नैनीताल आ गए और सभी ने एक कमरा किराये पर लिया। चारों पर्यटकों ने अगले दिन कैंची धाम जाने की योजना बनाई। रात करीब एक बजे जब चारों सो रहे थे, तभी दीपक उनके मोबाइल फोन, मोबाइल कवर में रखे 3500 रुपये, बैग में रखी 10 हजार रुपये की नकदी और चांदी की चेन लेकर वहां से निकल गया।

सुबह पर्यटकों की नींद खुली तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। होटल कर्मियों से जानकारी लेने के बाद भी युवक का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद चारों ने तल्लीताल थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *