क्राइम

देहरादून: लावारिस शव की गुत्थी सुलझी, लूटपाट के प्रयास में धक्का देने से हुई थी मौत; दो आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में सड़क किनारे मिले अज्ञात व्यक्ति के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि कथित तौर पर लूटपाट की कोशिश के दौरान दो लोगों ने व्यक्ति के साथ मारपीट की और उसे सड़क पर धक्का दे दिया। गिरने से उसे अंदरूनी चोटें आईं, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशरफ उर्फ काला (26), निवासी ब्राह्मणवाला, पटेलनगर और सफदर (36), निवासी जीवनगढ़, विकासनगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों फिलहाल पटेलनगर क्षेत्र के ब्राह्मणवाला में रह रहे थे। उनके खिलाफ गैर इरादतन हत्या के मामले में कार्रवाई की गई है।

पुलिस को 20 अक्टूबर 2026 की सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि सेवला खुर्द क्षेत्र में राजा रानी वेडिंग पॉइंट के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। पटेलनगर कोतवाली की टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के कपड़ों से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने शव को 72 घंटे तक मोर्चरी में रखकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। पहचान नहीं होने पर पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार कराया गया।

मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल तथा आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान फुटेज में दो व्यक्ति मृतक के पीछे जाते दिखाई दिए। इनमें से एक व्यक्ति मृतक के साथ मारपीट कर उसे सड़क पर धक्का देता नजर आया।

फुटेज में व्यक्ति के गिरने के बाद दोनों को वहां से जाते और कुछ देर बाद वापस आकर उसकी स्थिति देखते हुए भी देखा गया। पुलिस ने इसी आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और शराब के ठेकों के आसपास घूमते थे। वहां से अत्यधिक नशे की हालत में निकलने वाले लोगों को चिह्नित कर उनका पीछा करते और सुनसान जगह मिलने पर पैसे व अन्य सामान छीनने का प्रयास करते थे।

पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर की रात दोनों आईएसबीटी क्षेत्र में शराब के ठेके के पास मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें मृतक नशे की हालत में जाता दिखाई दिया। दोनों उसका पीछा करते हुए सेवला खुर्द क्षेत्र तक पहुंचे, जहां कथित तौर पर उसके साथ मारपीट कर पैसे छीनने की कोशिश की गई।

इसी दौरान धक्का लगने से व्यक्ति सड़क पर गिर गया और बेहोश हो गया। आरोपी वहां से चले गए। कुछ समय बाद लौटकर उन्होंने व्यक्ति की स्थिति देखी तो उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पटेलनगर कोतवाली में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की तथा 100 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई।

इसके बाद पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *