क्राइम

देहरादून- चांदमारी में दो पक्षों के बीच जमकर हंगामा, पुलिस ने चार लोगों को किया गिरफ्तार

देहरादून। सार्वजनिक स्थान पर विवाद कर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। कैंट कोतवाली क्षेत्र के चांदमारी में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बावजूद जब दोनों पक्ष शांत नहीं हुए और एक-दूसरे से मारपीट पर उतारू रहे, तो उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने, आपसी झगड़े और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत जिलेभर में पुलिस की गश्त और चेकिंग बढ़ाई गई है।

इसी अभियान के दौरान 10 नवंबर 2026 को कैंट कोतवाली पुलिस को चांदमारी इलाके में दो पक्षों के बीच विवाद होने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के साथ गाली-गलौज और झगड़ा करते मिले।

पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वे शांत होने के बजाय और आक्रामक हो गए। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने मौके से चार लोगों को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान विकास भरुण्डा (28), आकाश (33), अजय (37) और संजय पंवार (40) के रूप में हुई है। सभी चांदमारी क्षेत्र के निवासी हैं और अजय व संजय आपस में भाई बताए गए हैं।

दून पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *