क्राइम

हल्द्वानी में 216 ग्राम स्मैक के साथ बुलंदशहर का तस्कर गिरफ्तार, डिलीवरी से पहले पुलिस ने दबोचा

हल्द्वानी। उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से स्मैक लेकर पहुंचे एक आरोपी को पुलिस ने होडा बाईपास के पास गिरफ्तार किया है। उसके पास से 216 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। हालांकि, मौके पर मौजूद उसका दूसरा साथी पुलिस को देखकर स्कूटी से फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार को मंडी चौकी पुलिस और एसओजी की टीम इलाके में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के पास पानी की टंकी से करीब 100 मीटर आगे होडा तिराहे की ओर एक व्यक्ति सड़क किनारे खड़ा दिखाई दिया। उसके पास एक स्कूटी सवार युवक भी मौजूद था। सड़क पर खड़ा व्यक्ति अपने बैग से कुछ निकालकर स्कूटी सवार को दिखा रहा था।

पुलिस टीम की नजर दोनों पर पड़ी तो स्कूटी सवार युवक मौके से भाग निकला। वहीं, बैग लेकर खड़े व्यक्ति ने भी बचकर निकलने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। बाद में बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 216 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी की पहचान सतीश कुमार के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के डिबाई थाना क्षेत्र स्थित ग्राम गालतीबगर का निवासी बताया गया है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बुलंदशहर से एक अज्ञात व्यक्ति के जरिए स्मैक लेकर हल्द्वानी पहुंचा था। यहां उसे यह खेप मुलचंद नाम के व्यक्ति को सौंपनी थी।

मामले में मंडी और टीपीनगर चौकी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब फरार स्कूटी सवार की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। साथ ही नशे की इस खेप से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *