क्राइम

दिल्ली में पत्नी की हत्या के दोषी पति को उम्रकैद, कड़कड़डूमा कोर्ट ने लगाया 10 हजार रुपये जुर्माना

दिल्ली। पत्नी की हत्या के मामले में कड़कड़डूमा कोर्ट ने आरोपी पति अमन को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद खुद हर्ष विहार थाने पहुंचकर पुलिस को इसकी जानकारी दी थी। शाहदरा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पवन कुमार मट्टो ने पुलिस की जांच और अभियोजन पक्ष की ओर से पेश किए गए साक्ष्यों के आधार पर यह फैसला सुनाया।

मामला 25 फरवरी 2025 का है। उस दिन शाम करीब पांच बजे अमन हर्ष विहार थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने नंद नगरी स्थित अपने घर में पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस उसे साथ लेकर मकान की तीसरी मंजिल पर पहुंची, जहां उसकी पत्नी रश्मि उर्फ रेशमा मृत अवस्था में मिली।

पुलिस की जांच में सामने आया कि अमन को अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद रहता था। जांच के अनुसार, घटना वाले दिन दोपहर करीब दो बजे अमन ने पत्नी की हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण गला घोंटना बताया गया था।

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान वैज्ञानिक, फोरेंसिक और चिकित्सकीय साक्ष्य जुटाए। इसके बाद 24 मई 2025 को अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया गया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने मामले की गंभीरता और मृतका की कम उम्र का हवाला देते हुए आरोपी को मृत्युदंड देने की मांग की थी। साथ ही बताया गया कि मृतका की करीब ढाई साल की बेटी भी है, जो मां की मौत के बाद नानी के पास रह रही है।

अदालत ने मामले के तथ्यों और परिस्थितियों पर विचार करने के बाद इसे दुर्लभ से दुर्लभतम श्रेणी का मामला नहीं माना। न्यायालय ने आरोपी की कम उम्र और उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होने जैसे पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मृत्युदंड के बजाय आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

इसके अलावा कोर्ट ने मृतका की नाबालिग बेटी को दिल्ली विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), शाहदरा के माध्यम से उचित मुआवजा उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *