क्राइम

पुलिस हिरासत से फरार आरोपी गिरफ्तार, पकड़ने पहुंची टीम पर किया हमला; एक पुलिसकर्मी घायल

रतिया । हरियाणा के फतेहाबाद जिले में पुलिस हिरासत से भागने और गिरफ्तारी के दौरान पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करने के मामले में सदर रतिया थाना पुलिस ने आरोपी संदीप उर्फ सन्नी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गांव खेत ढाणी खूनन का रहने वाला है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

नागपुर पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई बसंत सिंह के मुताबिक, संदीप को 2 नवंबर को एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिसकर्मियों को धक्का देकर हिरासत से भाग निकला। इसके बाद पुलिस चौकी नागपुर और अपराध जांच शाखा रतिया की टीमों ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी।

तलाश के दौरान पुलिस को संदीप के गांव बीराबदी की एक ढाणी में मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम जब वहां पहुंची तो संदीप और उसके साथी अनूप ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने ईएचसी सुभाष चंद्र के साथ मारपीट की और उन्हें सीढ़ियों से धक्का दे दिया। घटना में पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए संदीप को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसका साथी अनूप वहां से भागने में कामयाब रहा। इस घटना के संबंध में 3 नवंबर को आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अब फरार आरोपी अनूप की तलाश सहित मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *