उत्तराखंड

गढ़वाल हितैषिणी सभा ने मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष हेतु सौंपा ₹3,51,000 का चेक

दिल्ली/ देहरादून।  दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय उत्तराखंड प्रवासियों की अग्रणी सामाजिक संस्था गढ़वाल हितैषिणी सभा ने आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष के लिए ₹3,51,000 (तीन लाख इक्यावन हजार रुपये) का चेक भेंट किया। यह चेक सभा के अध्यक्ष सूरत सिंह रावत और महासचिव पवन कुमार मैठानी के नेतृत्व में उत्तराखंड निवास, चाणक्यपुरी (नई दिल्ली) में मुख्यमंत्री धामी को सौंपा गया। यह सहयोग हाल ही में राज्य के धराली व थराली क्षेत्रों में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों की सहायता हेतु किया गया।

सभा के शिष्टमंडल में अध्यक्ष सूरत सिंह रावत, महासचिव पवन कुमार मैठानी, कोषाध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह रावत, सांस्कृतिक सचिव एडवोकेट वीरेन्द्र सिंह नेगी, कार्यकारिणी सदस्य प्रताप सिंह महर तथा श्रीमती सीमा गुसांई शामिल रहे। मुख्यमंत्री धामी ने गढ़वाल हितैषिणी सभा की इस सामाजिक पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रवासी उत्तराखंडवासी सदैव अपनी मातृभूमि के हित में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं।

सभा के महासचिव पवन कुमार मैठानी ने कहा कि सभा सदैव आपदा पीड़ितों की सहायता में अग्रसर रही है—चाहे उत्तरकाशी भूकंप हो, केदारनाथ आपदा हो या हाल की धराली-थराली त्रासदी। यह योगदान संस्था की सामाजिक जिम्मेदारी के निर्वहन का एक और उदाहरण है। सभा अध्यक्ष सूरत सिंह रावत ने बताया कि हालिया आपदा को देखते हुए सभा द्वारा एक विशेष “आपदा राहत कोष” की स्थापना की गई, जिसमें सदस्यों एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं से ऑनलाइन दान का आग्रह किया गया। इस पर लोगों ने बड़े उत्साह से सहयोग दिया। सभा के कोषाध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि संस्था को 80G की मान्यता प्राप्त है, जिसके अंतर्गत राहत कोष में दिए गए दान पर दाताओं को आयकर में छूट का लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *