क्राइम

बटाला में स्कूल के अंदर शिक्षिका पर तेजाब हमला, भांजा गिरफ्तार

बटाला (पंजाब) – पंजाब के बटाला क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सरकारी प्राथमिक स्कूल में पढ़ा रही शिक्षिका पर उनके ही रिश्तेदार ने तेजाब से हमला कर दिया। इस हमले में शिक्षिका के साथ-साथ दो मासूम छात्र भी झुलस गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना शुक्रवार को कस्बा घुमान के गांव महिमदपुरा स्थित स्कूल में हुई। जानकारी के अनुसार, शिक्षिका लखविंदर कौर कक्षा में बच्चों को पढ़ा रही थीं, तभी उनका भांजा अचानक स्कूल परिसर में घुस आया और उन पर तेजाब फेंक दिया। इस दौरान पास बैठे दो बच्चों पर भी तेजाब की छींटें पड़ गईं।

घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और स्कूल स्टाफ की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान तेजबीर सिंह के रूप में हुई है, जो रिश्ते में शिक्षिका का भांजा बताया जा रहा है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

थाना श्री हरगोबिंदपुर के डीएसपी हरीष बहल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *