उत्तराखंड

मानसून तैयारी पर फोकस: सीएम धामी ने रिवर प्रोटक्शन, डीसिल्टिंग और जल संरक्षण कार्यों की समीक्षा

देहरादून।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में सिंचाई परियोजनाओं के अंतर्गत रिवर प्रोटक्शन और डीसिल्टिंग कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि संभावित मानसून और बाढ़ जोखिम को देखते हुए सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
बैठक में लघु सिंचाई विभाग ने जानकारी दी कि जल संरक्षण, संवर्द्धन और संभरण योजनाओं के तहत राज्यभर में चेक डैम, रिचार्ज शॉफ्ट और तालाबों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। अब तक 708 चेक डैम तैयार किए जा चुके हैं। वहीं ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और हरिद्वार जिलों में 419 रिचार्ज शॉफ्ट स्थापित किए गए हैं, जिनसे प्रतिवर्ष लगभग 108.94 करोड़ लीटर भूजल रिचार्ज होने का अनुमान है।
अधिकारियों ने बताया कि 9 वन प्रभागों में पेयजल विभाग और सारा के सहयोग से 14 जल स्रोतों के उपचार के लिए संरक्षण कार्य चल रहे हैं। कैम्पा योजना के अंतर्गत विभिन्न वन प्रभागों में 247 जल धाराओं के उपचार का कार्य भी प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री ने वन विभाग को आगामी गर्मी और सूखे के मौसम को देखते हुए वनाग्नि रोकथाम के लिए अभी से पूरी तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त मानव संसाधन और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित होनी चाहिए।
सीएम धामी ने वन पंचायतों और वन क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय लोगों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने, वन संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करने और फायर लाइन की समय पर सफाई कराने पर जोर दिया। साथ ही वनभूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, युगल किशोर पंत समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *