यमकेश्वर : गंगाभोगपुर से बिदासनी तक सड़क निर्माण में देरी पर भड़के ग्रामीण, संघर्ष समिति ने दी आंदोलन की चेतावनी
यमकेश्वर। गंगाभोगपुर (बीन नदी) – बिदासनी ऑल वेदर मोटर मार्ग संघर्ष समिति की बैठक आज सामुदायिक मिलन केंद्र में संपन्न हुई। बैठक में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि और समिति सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एकस्वर में मोटर मार्ग के शीघ्र निर्माण की मांग उठाई और सरकार व प्रशासन से ठोस कदम उठाने की अपील की।
बैठक की अध्यक्षता संघर्ष समिति के अध्यक्ष सत्यपाल रावत ने की, जबकि महासचिव राजपाल धमान्दा ने समिति द्वारा अब तक किए गए प्रयासों और विभागीय पत्राचार का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान (श्यामपुर), जिला पंचायत सदस्य बचन बिष्ट (उमरोली), पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद डबराल, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सुदेश भट्ट, ग्राम प्रधान सीमा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य कु. हिमानी, बिजल्वाण, ध्रुव असवाल, एवं एस.पी. जोशी ने अपने विचार रखे और मोटर मार्ग निर्माण में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की।
वन विभाग की ओर से उपस्थित पार्क वार्डन चित्रा नेगी ने विभागीय स्तर पर चल रही कार्यवाही की जानकारी साझा की।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षेत्रवासी व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। बैठक में यमकेश्वर क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति ने इस आंदोलन को नई दिशा और मजबूती प्रदान की।
