क्राइम

महिला के यौन उत्पीड़न के मामले में जिम ट्रेनर को 20 साल की सजा, 8 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया

हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में महिला के साथ लंबे समय तक यौन उत्पीड़न और धमकी देने के मामले में अदालत ने जिम ट्रेनर को कड़ी सजा सुनाई है। रंगारेड्डी जिले की 13वीं अतिरिक्त जिला एवं सत्र अदालत ने दोषी मोहम्मद मौजम अली को 20 साल के कठोर कारावास का आदेश दिया है। इसके साथ ही उस पर 8 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। करीब नौ साल पुराने इस मामले में शुक्रवार को फैसला आया।

अदालत के फैसले के मुताबिक, आरोपी मेहदीपट्टनम का निवासी था और गचीबोवली की एक पॉश गेटेड कम्युनिटी में स्थित जिम में ट्रेनर के रूप में काम करता था। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने जनवरी 2015 से फरवरी 2017 के बीच लगातार उसका यौन उत्पीड़न किया। महिला ने आरोप लगाया था कि जिम के महिला शौचालय में भी उसके साथ आपत्तिजनक हरकत की गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कई बार महिला के फ्लैट में जबरन प्रवेश कर उसका यौन शोषण किया। विरोध करने पर वह महिला को डराता-धमकाता था। इतना ही नहीं, परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने का प्रयास भी किया गया।

लगातार प्रताड़ना और धमकियों से परेशान महिला ने आखिरकार अपने पति को पूरी घटना बताई। पति के सहयोग से फरवरी 2017 में उन्होंने रायदुर्गम पुलिस स्टेशन पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और जांच पूरी करने के बाद अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया।

मामले की सुनवाई के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर अदालत ने मोहम्मद मौजम अली को दोषी ठहराया। उसे भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 376, 448, 506 और 354(D)(I) के तहत दोषी पाया गया। इसके बाद अदालत ने 20 साल के कठोर कारावास और 8 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *