क्राइम

लुधियाना के कारोबारी से 5 करोड़ की फिरौती मांगने का आरोप, जान से मारने की धमकी

लुधियाना। शहर में एक कारोबारी को व्हाट्सएप कॉल के जरिए पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपनी पहचान कथित तौर पर गैंगस्टर रोहित गोदारा के रूप में बताई। मामले में थाना सराभा नगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, कारोबारी वरुण बग्गा निवासी बाड़ेवाल ने शिकायत में बताया कि 15 अक्टूबर 2026 को उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक विदेशी मोबाइल नंबर 351924715342 से कॉल आई थी। हालांकि, उस समय उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की थी और फोन करने वाले से कोई बातचीत भी नहीं हुई।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि 23 अक्टूबर को शाम करीब 5:29 बजे उसी विदेशी नंबर से दोबारा व्हाट्सएप कॉल आई। इस बार कॉल करने वाले ने अपना नाम रोहित गोदारा बताया और उनसे पांच करोड़ रुपये की मांग की। आरोप है कि रकम नहीं देने पर कारोबारी को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

घटना के बाद कारोबारी और उनका परिवार चिंतित है। परिवार ने अपनी सुरक्षा को लेकर प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

वरुण बग्गा की शिकायत के आधार पर थाना सराभा नगर पुलिस ने रोहित गोदारा निवासी अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(4) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस कॉल और धमकी से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *