क्राइम

बिहार: घरेलू कलह में गई पिता की जान, बेटे की पिटाई से हुए थे घायल; पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

बेतिया। बिहार के बेतिया जिले में घरेलू विवाद के दौरान हुई मारपीट में घायल एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना नवलपुर थाना क्षेत्र के सिसवा भूमिहार गांव की है, जहां मंगलवार रात पिता और बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिसमें पिता दिनेश राय गंभीर रूप से घायल हो गए। बुधवार सुबह उनकी मौत की खबर से गांव में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात घर में पारिवारिक विवाद को लेकर दिनेश राय और उनके बेटे के बीच झगड़ा हुआ था। इस दौरान बेटे की पिटाई से दिनेश राय को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल ले जाकर उपचार कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वापस घर पहुंचा दिया गया था।

हालांकि, बुधवार सुबह उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस गांव पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मृतक के बेटे को हिरासत में ले लिया है। वहीं, मृतक की पत्नी के घर से फरार होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस पारिवारिक विवाद और मारपीट से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *