क्राइम

मुजफ्फरनगर कॉलेज में 12वीं के छात्र ने 10वीं के छात्र पर चलाई गोली, तमंचा-कारतूस के साथ गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर- मुजफ्फरनगर के श्री कुंद-कुंद जैन इंटर कॉलेज में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 12वीं कक्षा के एक छात्र ने कथित तौर पर पुराने विवाद का बदला लेने के लिए 10वीं के छात्र पर तमंचे से फायर कर दिया। हालांकि, गोली की चपेट में आने से छात्र बाल-बाल बच गया। घटना के बाद आरोपी छात्र ने प्रधानाचार्य पर भी तमंचा तान दिया, लेकिन शिक्षकों ने उसे बातों में उलझाकर पकड़ लिया।

जानकारी के मुताबिक, 12वीं कक्षा का छात्र फीस जमा करने की बात कहकर कॉलेज पहुंचा था। उसके पास तमंचा और दो कारतूस थे। कॉलेज में पहुंचने के बाद वह 10वीं कक्षा के छात्र की क्लास में गया और उस पर फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज से कक्षा में मौजूद छात्रों में दहशत फैल गई।

आवाज सुनकर प्रधानाचार्य अनुराग जैन और शिक्षक मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी छात्र को पकड़ने की कोशिश की तो उसने प्रधानाचार्य पर भी तमंचा तान दिया। छात्र ने कथित तौर पर बताया कि 10वीं के छात्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। इसी विवाद का बदला लेने के लिए वह तमंचा लेकर आया था।

प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने छात्र को बातचीत में उलझाए रखा और मौका मिलते ही उसे पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस टीम भी कॉलेज पहुंची और आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर थाने ले गई। तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए।

प्रधानाचार्य के अनुसार, आरोपी छात्र कॉलेज में फीस जमा कराने की बात कहकर आया था, इसलिए किसी को उस पर संदेह नहीं हुआ। छात्रों के प्रवेश के बाद कॉलेज का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाता है। इसी वजह से आरोपी छात्र को मौके से भागने का अवसर नहीं मिला।

बताया गया कि दो दिन पहले 10वीं कक्षा के छात्र और उसके साथियों ने आरोपी छात्र के साथ डंडे से मारपीट की थी। इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, इसी पुराने विवाद को लेकर 12वीं के छात्र ने 10वीं के छात्र पर फायरिंग की। घटना में छात्र गोली लगने से बच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *