शिमला के निजी होटल में 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, परिजनों ने प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक निजी होटल के कमरे से 26 वर्षीय युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सोमवार को हुई इस घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) भेज दिया। मृतक की पहचान ननखड़ी क्षेत्र के करांगला निवासी उमेश सिंगला के रूप में हुई है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने होटल प्रबंधन और उसके साथ ठहरे लोगों की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं। उमेश के मामा देवीलाल, जो मल्याणा के निवासी हैं, ने आरोप लगाया कि युवक के साथ होटल में एक युवती और तीन अन्य युवक भी मौजूद थे। उनके अनुसार, इन लोगों और होटल प्रबंधन ने घटना के संबंध में समय रहते पुलिस को जानकारी नहीं दी।
देवीलाल का दावा है कि उमेश की मौत रात करीब डेढ़ से ढाई बजे के बीच हो गई थी, जबकि पुलिस को इसकी जानकारी सुबह छह बजे के बाद दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि युवक की हालत बिगड़ गई थी या उसकी मौत हो गई थी तो तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचित क्यों नहीं किया गया।
मृतक के मामा ने होटल प्रबंधन पर एक और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उमेश के होटल में ठहरने की जानकारी रजिस्टर या लॉगबुक में कथित तौर पर बाद में दर्ज की गई। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस होटल में मौजूद लोगों और प्रबंधन से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।

