क्राइम

गोकशी की घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपी को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार

आभियुक्त द्वारा पूर्व में भी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दिया था गौकशी की घटनाओं को अंजाम

देहरादून। सहसपुर क्षेत्र के खुशहालपुर गांव में गौकशी की सूचना पर पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मौके से पुलिस ने अवैध गौमांस के साथ गौकशी में इस्तेमाल किए गए चाकू और कुल्हाड़ी बरामद की है। हालांकि, आरोपी के अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली सहसपुर को सूचना मिली थी कि ग्राम खुशहालपुर में कुछ लोग गौकशी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने सावेज पुत्र दिलबहार (22 वर्ष), निवासी खुशहालपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से अवैध गौमांस, दो चाकू और एक कुल्हाड़ी बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम, 2007 की धारा 3/5/11 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने कई साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि मुशर्रफ उर्फ काला, शादाब उर्फ फोती, लालू, शमीम, समीर उर्फ टीटला, आफताब, आशिफ उर्फ नानू, अमीर उर्फ कुर्बान और सलमान उर्फ मुल्ला भी इस घटना में शामिल थे। पुलिस इन सभी आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

जांच के दौरान आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ पूर्व में सेलाकुई और सहसपुर क्षेत्र में भी गौकशी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इन मामलों में पहले से ही संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज हैं और जांच चल रही है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ सहसपुर थाने में गौवंश संरक्षण अधिनियम के तहत दो मुकदमे तथा विकासनगर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *