दोस्ती से इनकार पर छात्रा को खेत में ले जाकर पीटा, वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल, चार लड़कियों पर केस दर्ज
भोपाल। मध्य प्रदेश के सतना में एक कॉलेज छात्रा पर एक छात्र से दोस्ती करने का दबाव डालने और इनकार करने पर उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार लड़कियां छात्रा को साजिश के तहत सुनसान जगह पर ले गईं और वहां उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर छात्रा पर उस लड़के से बात करने का दबाव बनाया।
घटना 6 अगस्त की बताई जा रही है। इसका खुलासा एक महीने से अधिक समय बाद तब हुआ, जब मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। इसके बाद 19 वर्षीय पीड़िता ने सतना के कोलगवां थाने पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, पीड़िता को उसकी एक परिचित लड़की ने किसी काम के बहाने बाजार बुलाया था। इसके बाद वह उसे स्कूटी से एक खेत में ले गई, जहां तीन अन्य लड़कियां पहले से मौजूद थीं।
पीड़िता के मुताबिक, वहां पहुंचते ही चारों ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि लड़कियां उस पर एक खास लड़के से बात करने और दोस्ती करने का दबाव बना रही थीं। इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई और वीडियो कॉल के जरिए उस लड़के से माफी मांगने के लिए भी मजबूर किया गया।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पीड़िता को धमकी दी थी कि अगर उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो मारपीट का वीडियो सार्वजनिक कर देंगे। आरोप है कि इसके बावजूद वीडियो को इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर वायरल कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद पीड़िता ने पुलिस से संपर्क किया।
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शनिवार को आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें धारा 296(बी), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।
