क्राइम

मथुरा में गे एप के जरिए किशोर को फंसाकर अपहरण, 50 हजार की फिरौती मांगने वाले दो आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में सोशल नेटवर्किंग ऐप के जरिए एक किशोर को मिलने के बहाने बुलाकर अपहरण करने और फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई के दौरान दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो कारतूस और एक थार गाड़ी बरामद हुई है।

जानकारी के अनुसार, राया थाना क्षेत्र में रहने वाले एक हार्डवेयर कारोबारी का 16 वर्षीय बेटा सोमवार दोपहर करीब एक बजे घर से अपने पिता के लिए खाना लेकर दुकान जाने निकला था। काफी देर तक उसके दुकान नहीं पहुंचने और मोबाइल फोन बंद मिलने पर परिजन परेशान हो गए।

इसी दौरान शाम करीब चार बजे कारोबारी के मोबाइल पर उनके बेटे के व्हाट्सऐप से कॉल आई। फोन करने वाले ने किशोर को अपने कब्जे में होने की बात कहते हुए 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी। घबराए पिता ने राया में रहने वाले अपने एक परिचित की मदद से किशोर के खाते में करीब 47 हजार रुपये जमा कराए। इसके बाद वह अन्य व्यापारियों के साथ थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, तलाश के दौरान किशोर शाम करीब छह बजे बलदेव रोड पर गांव कारब के पास मिल गया। पूछताछ में उसने बताया कि तीन दिन पहले उसने एक गे डेटिंग ऐप डाउनलोड किया था, जहां उसकी एक युवती से बातचीत शुरू हुई थी। सोमवार को कथित तौर पर उसी युवती ने उसे मिलने के लिए बुलाया था।

किशोर के मुताबिक, वह पिता का खाना लेकर बलदेव रोड पहुंचा, जहां थार गाड़ी में सवार तीन युवकों ने उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया। आरोपियों ने पहले उसका मोबाइल बंद कराया और बाद में उसे चालू कराकर पिता को व्हाट्सऐप कॉल की, जिसमें फिरौती की रकम खाते में भेजने को कहा गया।

रकम मिलने के बाद आरोपी किशोर को गांव कारब के पास छोड़कर भाग निकले। बताया गया कि आरोपी उसका मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संदिग्ध थार गाड़ी का पता लगाया गया। इसके बाद जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों को अलर्ट किया गया।

सीओ गोवर्धन अनिल कुमार के मुताबिक, संदिग्ध वाहन के गोवर्धन की ओर जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने उसका पीछा किया। आरोपियों ने सौंख क्षेत्र में पुलिस बैरियर तोड़कर भागने की कोशिश की। इसके बाद जैत, राया और मगोर्रा पुलिस की टीमें भी पीछा करने में जुट गईं।

पुलिस के अनुसार, थाना मगोर्रा क्षेत्र में लालपुर नहर पुलिया के पास बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान गाड़ी सवार आरोपियों ने नहर की पटरी की ओर वाहन मोड़ दिया, लेकिन असंतुलित होकर थार कच्चे रास्ते पर फंस गई। इसके बाद पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रजत निवासी गांव नगला टोटा, थाना मुरसान, जिला हाथरस और मनीष निवासी गांव अल्लेपुर, थाना जमुनापार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के पैर में गोली लगी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके पास से दो तमंचे, दो कारतूस और थार गाड़ी बरामद की गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *