क्राइम

देहरादून में काजल हत्याकांड का खुलासा, पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार

देहरादून। क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र में 21 सितंबर को हुई 26 वर्षीय काजल की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके पति धीरज पंवार उर्फ लल्लू को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और खून लगी शर्ट बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर की सुबह 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि धीरज की अपनी पत्नी काजल से हाथापाई हुई और इसी दौरान गोली लगने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर क्लेमेंटटाउन पुलिस मौके पर पहुंची। वहां काजल का शव बिस्तर पर पड़ा था और उसके सिर व पेट पर गोली लगने के निशान थे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

घटना के बाद काजल का पति धीरज मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गया था। मृतका के भाई की तहरीर पर क्लेमेंटटाउन थाने में मुकदमा संख्या 91/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम बनाई गई।

पुलिस के अनुसार, धीरज का कोई स्थायी ठिकाना नहीं था। शादी के बाद से वह पत्नी और बच्चों के साथ सुभाषनगर स्थित अपनी पत्नी के मायके में रह रहा था। घटना के बाद मोबाइल बंद कर फरार होने के कारण उसकी तलाश चुनौतीपूर्ण थी। पुलिस टीम ने सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से जानकारी जुटाई और 23 सितंबर को उसे क्लेमेंटटाउन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी और काजल की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। पिछले करीब एक साल से दोनों के बीच अलग-अलग बातों को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, पिछले तीन महीने से काजल उसे घर में प्रवेश नहीं करने दे रही थी और बच्चों से भी मिलने नहीं दे रही थी।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि करीब एक महीने पहले उसे काजल के तलाक लेने की तैयारी करने की जानकारी मिली। इसके बाद उसने पत्नी की हत्या की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत उसने सहारनपुर से देसी तमंचा खरीदा और घटना से एक रात पहले देहरादून पहुंच गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी घटनास्थल के पास एक निर्माणाधीन भवन में छिपकर मौका देखता रहा। सुबह वह घर में लगे टीन के दरवाजे को तोड़कर अंदर दाखिल हुआ और बिस्तर पर सो रही काजल पर दो गोलियां चलाकर वहां से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना के समय पहनी गई खून लगी शर्ट बरामद की है। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *