क्राइम

20 साल पुरानी रंजिश में ग्रामीण की बांका से हत्या, वारदात के बाद आरोपित फरार

पीलीभीत। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के बिलहरी गांव में मंगलवार सुबह पुरानी रंजिश के चलते एक ग्रामीण की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और जांच शुरू कर दी। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

बताया गया कि बिलहरी निवासी वेदराम का करीब 20 वर्ष पहले गांव के ही कुछ लोगों से विवाद हुआ था। उस दौरान मारपीट और हमले की घटना में एक युवक की मौत हो गई थी। इसी घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी।

मंगलवार सुबह करीब आठ बजे वेदराम घर से खेत की ओर शौच के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उन पर बांका से कई वार किए गए। गंभीर चोट लगने के कारण वेदराम की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली इंस्पेक्टर पवन कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की पड़ताल की। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गए।

घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए गांव में तैनाती कर दी है। ग्रामीणों ने शव उठाने से पहले आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *