गोरखपुर में बातचीत के बहाने युवक को बुलाकर मारी गोली, तीन हिरासत में
गोरखपुर। माया बाजार चौराहे पर रविवार रात बातचीत के लिए बुलाए गए 29 वर्षीय नमन गुप्ता को गोली मारने का मामला सामने आया है। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल नमन को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है।
नमन की मां रीता देवी ने बक्शीपुर काली मंदिर के पास रहने वाले सचिन्द्र कुशवाहा उर्फ शनि, रीशू जायसवाल, राहुल गुप्ता और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि नमन को बातचीत के बहाने चौराहे पर बुलाया गया था। वहां बातचीत के दौरान उसे गोली मार दी गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने रीशू जायसवाल, राहुल गुप्ता और उनके साथी विशाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस उनसे घटना की वजह, वारदात के समय मौजूद अन्य लोगों और मुख्य आरोपी के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। वहीं, मुख्य आरोपी सचिन्द्र कुशवाहा उर्फ शनि की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गोलीकांड किसी पुराने विवाद का नतीजा था या बातचीत के दौरान अचानक विवाद बढ़ने पर हमला किया गया।
सीओ कोतवाली ओंकार दत्त ने बताया कि घायल नमन की हालत खतरे से बाहर है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मुख्य आरोपी के पकड़े जाने के बाद घटना की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
