क्राइम

गाजियाबाद: ज्वैलर्स की दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचा चोर, 65 ग्राम सोने का सिक्का लेकर फरार

गाजियाबाद। शहर के सर्राफा बाजार में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। अब डासनागेट बाजार स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान को निशाना बनाकर शातिर व्यक्ति करीब साढ़े छह लाख रुपये से अधिक कीमत का सोने का सिक्का लेकर फरार हो गया। घटना के बाद कारोबारी ने कोतवाली पुलिस को शिकायत दी, जिसके आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, डासनागेट बाजार में श्रीराम ज्वैलर्स के संचालक नरेंद्र वर्मा की दुकान पर बृहस्पतिवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक व्यक्ति ग्राहक बनकर पहुंचा। उसने आभूषण और अन्य सामान देखने की बात कहकर कारोबारी का ध्यान दूसरी ओर लगा दिया। इसी दौरान मौका पाकर उसने लगभग 65 ग्राम वजन का सोने का सिक्का चुरा लिया और बिना किसी को शक हुए दुकान से बाहर निकल गया। चोरी हुए सिक्के की कीमत 6.50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

कारोबारी के पास दुकान में हुई इस घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है, जो जांच में अहम साबित हो सकती है। पुलिस फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।

गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार को सिद्धार्थ विहार इलाके में भी चोरी की वारदात हुई थी। वहां दो महिलाएं एक आभूषण कारोबारी की दुकान से टॉप्स लेकर फरार हो गई थीं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने सर्राफा कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है।

एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय के अनुसार, दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। जल्द ही घटनाओं का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *