क्राइम

मथुरा: शादी की खुशियों के बीच मातम, खाली प्लॉट में मिला बुजुर्ग का शव; दामाद पर हत्या का आरोप

मथुरा। गोवर्धन इलाके में एक शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब कार्यक्रम स्थल के नजदीक खाली प्लॉट में एक बुजुर्ग का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान ओम प्रकाश के रूप में हुई है। उनके गले पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध हो गया। मृतक के परिजनों ने उनके दामाद सुखवीर पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात गोवर्धन क्षेत्र में परिवार में शादी का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। इसी दौरान परिजनों को ओम प्रकाश के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। खबर मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद टीम घटनास्थल पर पहुंची। जांच के दौरान बुजुर्ग का शव शादी समारोह स्थल के पास बने जनमासे और खेत से होकर जाने वाले रास्ते के बीच स्थित एक खाली प्लॉट में मिला।

परिजनों के मुताबिक, ओम प्रकाश के गले पर चोट के निशान मौजूद थे। परिवार ने इस घटना में उनके दामाद सुखवीर की भूमिका होने का संदेह जताया है। आरोप है कि सुखवीर ने पहले धमकी दी थी कि शादी के दिन उनके घर में खून बहेगा। मृतक के बेटे ने पुलिस को बताया कि बस से समारोह स्थल की ओर आते समय उसने रास्ते में अपने जीजा को देखा था।

इन बातों का उल्लेख करते हुए मृतक के बेटे ने पुलिस को लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर सुखवीर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार मिश्र के अनुसार, नामजद आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और परिजनों के बयानों की जांच कर रही है। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना की वजह और अन्य पहलुओं का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *